केरल के प्रसिद्ध नृत्य मोहिनीयट्टम की नृत्यांगना कलामंडलम हेमलता का नाम लगातार 123 घंटे तक नृत्य करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। उन्होंने त्रिचूर में पिछले वर्ष सितंबर में लगातार 123 घंटे और 15 मिनट से अधिक समय तक की प्रस्तुति दी थी। उन्होंने हैदराबाद की वेट्टिकोट्टा यादागिरी का रिकॉर्ड तोड़ा था। हेमलता के इस अद्भुत कारनामे के लिए उन्हें बृहस्पतिवार को गिनीज बुक का प्रमाण-पत्र दिया गया। उन्होंने कहा, गिनीज बुक में नाम शामिल होने को मैं निजी उपलब्धि से अधिक केरल के नृत्य मोहिनीयट्टम को पहचान मिलने के तौर पर देखती हूं। डांस स्कूल चलाने वाली हेमलता ने कहा कि गिनीज बुक में उनका नाम आने से केरल के युवाओं में यहां के नृत्य के प्रति रुचि जगाने में मदद मिलेगी। वह 26 जनवरी से एक माह तक चलने वाली केरला रिले दौड़ के दौरान स्कूलों, गैर सरकारी संगठनों और यूथ क्लबों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश देंगी।
No comments:
Post a Comment